लापरवाही पर डॉक्टर समेत छह का स्थानांतरण

पौड़ी।

कार्यों में लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य विभाग ने जिले के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा के प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित मेडिकल व कार्यालय से जुड़े छह कार्मिकों का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया है। विभाग द्वारा कराई गई जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रवीण कुमार ने स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रवीण कुमार ने बताया कि राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगडडा को लेकर शिकायत मिली थी। जिसमें बच्चा पैदा होने पर उन्हें विटामिन सी के इंजेक्शन न लगाए जाने, एनएचएम के तहत पोलियो अभियान के दौरान वाहनों में प्रयोग में लाए जाने वाले पेट्राल को निजि वाहनों में डालने, एक कार्मिक के संबद्व होने के बाद भी उपस्थिति रजिस्टर में उसका नाम नहीं होने आदि की जांच की मांग गई। बताया कि शिकायत के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए थे। सीएमओ ने बताया कि इस मामले में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव कुमार से जांच कराई गई।
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद प्रथम दृष्टया चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी सहित 6 का स्थानांतरण आदेश कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यावहारिक व प्रशासनिक आधार पर जिन कार्मिकों का स्थानांतरण किया गया है। उसमें स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. मनोज कुमार, फार्मसिस्ट, स्टाफ नर्स उत्तरा, वर्षा के साथ ही लेखाकर सोहन सिंह, कलर्क तनवीर का स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए गए हैं। इनमें तीन कार्मिक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत हैं। सभी को जनपद के अन्य चिकित्सालयों में स्थांतरित किया गया है। सीएमओ ने बताया कि जल्द ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा में चिकित्साधिकारी सहित अन्य कार्मिकों को भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *