सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छेड़ा अभियान
रुड़की
राजकीय डिग्री कॉलेज लक्सर की एनएसएस इकाई से जुड़े छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कनुप्रिया के नेतृत्व में लक्सर में रैली निकाली। प्राचार्य प्रोफेसर वीएन शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरूआत की। बच्चों ने कस्बे में घूमकर दुकानदारों, सामान खरीदने आए ग्राहकों तथा अन्य लोगों को पर्यावरण संतुलन के बारे में बताया। कहा कि हमारे पर्यावरण को सबसे ज्यादा नुकसान प्लास्टिक के कूड़े कचरे से हो रहा है। यही स्थिति रही, तो आने वाले समय में हमारी नई पीढ़ी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान गिनाकर इसके सही निस्तारण की जानकारी दी और अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों और अन्य परिचितों को इससे अवगत कराएं। रैली में प्राध्यापक डॉ. आशुतोष शरण, डॉ. स्नेहलता, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. दुर्गेश, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. शरद त्रिपाठी, डॉ. दीक्षित कुमार और डॉक्टर गजेंद्र कुमार मौजूद रहे।

