उत्तरकाशी में बारिश से फिर बढ़ी ठंड

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में बीती रात से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर जारी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित आसपास ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश हो रही है। खराब मौसम के कारण एक बार फिर से ठंड का असर भी बढ़ गया है।
जिले में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम खराब रहा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही कई जगहों पर रिमझिम बारिश हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ ही हर्षिल घाटी में मध्यम से तेज बारिश का नजारा देखने को मिला। हालांकि इस बार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं हुई है। बारिश के कारण ठंड का प्रकोप खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अप्रैल की शुरुआत में आमतौर पर भीषण गर्मी का अहसास रहता है, लेकिन इस बार मौसम में आए बदलाव के चलते अभी तक लोग ठंड से ठिठुर रहे हैं। दूसरी ओर लगातार बारिश के कारण मोरी क्षेत्र में काश्तकार आलू नहीं बो पा रहे हैं। जानकारों की मानें तो जब कभी इस प्रकार बारिश होती है तो उस साल फसलें अच्छी नहीं होती। ऐसे में इस बार फसलें ठीक नहीं होने की आंशका जताई जा रही है। जिससे काश्तकार काफी चिंतित हैं। मोरी विकासखंड में जहां लोगों ने आलू बोने के लिए खेत तैयार कर लिये थे, वहीं बारिश ने किसानों को मायूस कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *