नये शैक्षिक सत्र में शैक्षिक उन्नयन को अध्यापक अभिभावक संघ की बैठक आयोजित

देहरादून

नरेन्द्र नगर प्रखंड के शिखर स्कालर्स एकेडमी हाई स्कूल गजा में विगत शिक्षा सत्र के विभिन्न क्रियाकलापों एवं नये शैक्षिक सत्र में शैक्षिक उन्नयन हेतु अध्यापक अभिभावक संघ की बैठक आयोजित की गई। अभिभावकों के साथ बैठक करते हुए प्रधानाचार्य कुंवर सिंह खाती ने कहा कि अभिभावक ही वह रीढ़ है जिसके सहयोग के बगैर गुणवत्ता परक शिक्षा का वातावरण तैयार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि विद्यालय में विगत शिक्षा सत्र का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा है, अभिभावक संघ के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह खाती ने अपने सम्बोधन में कहा कि विद्यालय लगातार बेहतरीन तरीके से शैक्षिक उन्नयन हेतु प्रयास कर रहा है और इसमें शिक्षकों की भूमिका अहम है, विगत शिक्षा सत्र में हाई स्कूल परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहने तथा बोर्ड परीक्षा परिणाम में जनपदीय मेरिट लिस्ट में छात्र छात्राओं के स्थान प्राप्त करने पर सभी शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष दिनेश प्रसाद उनियाल ने कहा कि शैक्षिक उन्नयन हेतु हम सभी को प्रयास करना होगा, इसमें अभिभावकों की जिम्मेदारी अधिक है, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का चयन होना दर्शाता है कि पठन-पाठन के साथ ही विद्यालय अन्य क्रियाकलापों में भी आगे है। विगत शिक्षा सत्र की शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति आख्या शिक्षक आदित्य उनियाल ने अभिभावकों के सम्मुख प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *