भैरव सेना का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन, सीएम को ज्ञापन प्रेषित

देहरादून

भैरव सेना के दर्जनों कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष गौतम बाली के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन कर कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा जिलाधिकारी देहरादून की प्रतिनिधि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया। इस अवसर पर ज्ञापन प्रेषण कार्यक्रम में भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने कहा कि अपने तीर्थ क्षेत्रों को शुद्धीकरण तथा अवैध धार्मिक घुसपैठ से बचाने के लिए संगठन द्वारा कई वर्षों से ज्ञापन प्रेषण तथा अन्य संवैधानिक माध्यमों के द्वारा पंचगव्य आचमन अनिवार्य किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन तथा पिछले तीन वर्षों से नियमित रूप से जनचेतना के माध्यम से शासन तक बात पहुंचाने के लिए सात दिवसीय पंचगव्य शुद्धिकरण अभियान यात्रा की जा रही है। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया कि हमारी मांग है कि जैसे अन्य धर्मों के धर्म स्थलों में प्रवेश के लिए कुछ नियम बनाए गए हैं, जिस कारण वहां पर अवैध घुसपैठ नहीं होती है वहीं अनुसरण कर्ता वहां के नियमों को स्वेच्छा से अपना कर प्रवेश करता है। ज्ञापन में कहा गया कि वैसे ही धर्म की उद्गम स्थली देवभूमि में भी तीर्थ यात्रा के लिए सनातनी मान बिंदुओं का पालन किया जाना अनिवार्य होना चाहिए। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरोज शाह ने कहा कि आज तीर्थाटन को पर्यटन के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो कि निकट भविष्य में देवभूमि की पहले से ही विलुप्त की कगार पर जा रही संस्कृति तथा सनातनी आध्यात्मिक परंपराओं को धूमिल करने जैसा साबित होगा। इस अवसर पर प्रदेश कार्य समिति सदस्य जितेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि धर्म की उद्गम स्थली में इस समय बड़े पैमाने पर अवैध धार्मिक घुसपैठ हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस कारण क्षेत्र के मूल निवासियों को आर्थिक और व्यापारिक नुकसान तो हो ही रहा है। उन्होंने कहा कि जिन पर अंकुश लगाना अनिवार्य है, और यह कड़े प्रतिबंधों से ही संभव है। इस अवसर पर दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *