सिडकुल चौक के नाले में मगरमच्छ दिखने से हड़कंप, रेस्क्यू किया

रुद्रपुर। रुद्रपुर में सिडकुल चौक के पास नाले में गुरुवार दोपहर अचानक एक मगरमच्छ दिखाई दिया। इससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त टीम ने मगरमच्छ को रेस्क्यू कर कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच के बाद वन विभाग की टीम उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ेगी। गुरुवार को कुछ लोग सिडकुल चौक के पास से गुजर रहे थे। अचानक उनकी नजर वहां नाले में बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। इसके बाद वहां भीड़ जुट गयी। पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर तराई केंद्रीय वन प्रभाग के डीएफओ वैभव सिंह विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गयी। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। विभाग के कर्मियों ने मगरमच्छ को काबू में करते हुए एक पिंजरे में उसे डाला। वहीं पिंजरा छोटा होने पर दूसरा पिंजरा मंगाया गया। करीए एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मगरमच्छ को कब्जे में ले लिया गया। वन विभाग की टीम उसे सुरक्षित स्थल ले गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *