आंगनबाड़ी केंद्र में अराजक तत्वों ने की तोड़फोड़

चम्पावत। टनकपुर के ग्रामीण क्षेत्र थ्वालखेड़ा, खेतखेड़ा आंगनबाड़ी केंद्र में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। मामले में ग्राम प्रधान ने कई बार पुलिस को सूचित किया है। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों भावना महर, रेखा महर, विजया लक्ष्मी ने बताया कि आए दिन अराजक तत्व केंद्र के बाहर मैदान में शराब की बोतलें और कूड़ा-कचरा डाल जाते हैं। बताया कि केंद्र में दो से तीन वर्ष के छोटे बच्चे आते हैं। ऐसे में मैदान में खेलकूद के दौरान उनके पैर कटने का भय बना रहता है। थ्वालखेड़ा ग्राम प्रधान दीपा देवी ने बताया कि अराजक तत्वों से छुटकारा दिलाने के लिए बूम चौकी में कई बार शिकायत की है। लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। बूम चौकी प्रभारी सोनू बोहरा ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति इस तरह से केंद्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करता पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *