हरिद्वार में दो एमएम बारिश से ही जलभराव

हरिद्वार। हरिद्वार में गुरुवार सुबह हुई दो एमएम बारिश से विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव हो गया। ज्वालापुर के बाजारों में कुछ ही देर की बारिश में जलभराव हो गया। सुबह के समय लोग सड़कों पर जमा हुए बारिश के पानी की निकासी होने की प्रतीक्षा करते रहे। बारिश और जलभराव की वजह से लोगों को आवागमन करने में भी परेशानी उठानी पड़ी। प्रशासन के मुताबिक गुरुवार सुबह दो एमएम बारिश हरिद्वार शहर में हुई, जबकि रुड़की में 16 एमएम और रोशनाबाद में 3.6 एमएम बारिश हुई। हरिद्वार और ज्वालापुर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रही। अधिकांश सड़कें सुबह तालाब बनी नजर आईं। ज्वालापुर के कटहरा बाजार, पीठ बाजार, चौक बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, नीलखुदना, धीरवाली और भगत सिंह चौक आदि क्षेत्रों में बारिश के कारण जलभराव हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *