एसडीएम ने जल भराव के स्थानों का किया निरीक्षण, दिए जरूरी दिशा निर्देश
हरिद्वार। बारिश के दौरान उपजिलाधिकारी पूरण सिंह राणा ने विभिन्न स्थानों पर हुए जलभराव का जल निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने जल निगम के अधिकारियों को जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ज्वालापुर रेलवे अंडर पास पर जलभराव की स्थिति को जांचा। मौके पर सड़क के दोनों तरफ से बारिश का पानी अंडर पास पर जाता मिला। इस पर एसडीएम ने नगर निगम को सड़क के दोनों तरफ बड़े ब्रेकर बना कर पानी को अंडर पास पर जाने से रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम ने रानीपुर मोड़ और भगत सिंह चौक पर जलभराव का मुआयना किया। एसडीएम ने मौके पर मौजूद जल निगम के अवर अभियंता को बारिश के दौरान पंप लगातार चलाने के निर्देश दिए। साथ ही यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ को बारिश के दौरान गंग नहर का लेवल कम रखने के निर्देश दिए। ताकि सड़कों पर जमा जल की निकासी हो सके।

