भारी बारिश से उफनायी सोलानी नदी
रुड़की। भारी बारिश से शहर में कई जगहों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतें उठानी पड़ी। इसके साथ ही सोलानी नदी और आसपास के नाले उफान पर आ गए। प्रशासन ने लोगों को नदी नालों के आसपास नहीं जाने के लिए अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट सोमवार को ही जारी कर दिया गया था। सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह रुड़की और आसपास के क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। इस वजह से सोलानी नदी उफान पर आ गई। बारिश के कारण रुड़की शहर में पनियाला रोड, आजाद नगर चौक गणेशपुर और कई अन्य स्थानों पर जल भराव हो गया। इस वजह से कुछ-कुछ समय पर यातायात बाधित रहा। जेएम अभिनव शाह ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए पहले से ही अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वह नदियों और नालों के आसपास न जाएं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

