थलीसैंण के चौथान क्षेत्र में पुलिस ने भांग की नष्ट
पौड़ी। पौड़ी जिले के थलीसैंण तहसील के चौथान में राजस्व और रेगुलर पुलिस ने संयुक्त रूप से 17 नाली में उगी भांग को नष्ट किया। डीएम डॉ आशीष चौहान और एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। संयुक्त टीम ने चौथान के उफरैंखाल क्षेत्र के गांव कफलगांव मल्ला, भरनौ और पापतोली में बंजर भूमि, भूमिधारकों की भूमि व राज्य सरकार की जमीन पर उगी भांग को नष्ट किया। बताया गया कि 0.340 हेक्टेयर यानी करीब 17 नाली रकबे पर यह भांग उगी थी। इसी के साथ ही टीम ने स्थानीय ग्रामीणों को हिदायत भी दी कि अपनी जमीन और भवनों के ईर्द गिर्द उगी भांग को एक सप्ताह भीतर स्वयं नष्ट कर दें। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी ग्राम प्रधानों को भी भांग की अवैध खेती को नष्ट करने को लेकर नोटिस जारी किए गए है। डीएम के निर्देशों के क्रम में सभी क्षेत्रों में अवैध भांग की खेती के चिह्नीकरण की कार्यवाही की जा रही है। इसके बाद विनष्टीकरण किया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार थलीसैंण आंनद पाल, उप निरीक्षक थाना थलीसैंण संजीव मंमगाई, राजस्व निरीक्षक भीम सिंह असवाल आदि टीम में शामिल रहे।

