स्कूटी की टक्कर से घायल वृद्धा की बरेली में मौत

पिथौरागढ़। नगर में स्कूटी की टक्कर से घायल बुजुर्ग महिला की बरेली में मौत हो गई। परिजनों ने स्कूटी सवार अज्ञात के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कनालीछीना विकासखंड के सतगढ़ निवासी जशोदा देवी (88) बीते शुक्रवार को नगर के जाखनी में बेटी के यहां आई हुई थी। शनिवार देर शाम वह जाखनी सड़क में आवाजाही कर रही थी। इस दौरान एक स्कूटी सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर स्थिति में परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक इलाज के लिए बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया। परिजन घायल महिला को बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। रविवार सुबह पांच बजे के करीब महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर, मृतक महिला के पुत्र शंकर दत्त कापड़ी ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल हिमांशु पंत ने बताया कि स्कूटी सवार अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 279, 304ए के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *