संविदा कर्मियों का जल्द नियमितीकरण हो

ऋषिकेश

कर्मचारी संघ गढ़वाल मंडल विकास निगम ने संस्थान में कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग उठायी है। जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कर्मचारी संघ जीएमवीएन के अध्यक्ष मनमोहन चौधरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक से मिला। मांग पत्र सौंपकर विभिन्न लंबित समस्याओं के प्रति उनका ध्यानाकर्षित कराया। कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने बताया कि कर्मचारी लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत है। प्रबंधन वर्ग की ओर से हर बार कार्रवाई का आश्वासन मिलता है, लेकिन सुनवाई नहीं होती। संस्थान में कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित करने, विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति, गोल्डन कार्ड में कमियों में सुधार करने की मांग की। चारधाम यात्रा के मद्देनजर जीएमवीएन गेस्ट हाउस और वाहनों की उत्साहजनक बुकिंग पर हर्ष जताते हुए कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक से जल्द लंबित समस्याओं को दूर करने की गुहार लगायी। मौके पर बृजमोहन जुयाल, रायचंद रावत, रणवीर रावत, रोशन लाल, अजय कांत शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *