बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने पर जताई किसानों ने नाराजगी
ऋषिकेश
गन्ना का बकाया भुगतान नहीं होने से डोईवाला के किसान परेशान हैं। उन्होंने डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी अधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बुधवार को गन्ना सोसायटी के किसान भवन में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे दलजीत सिंह ने कहा कि डोईवाला चीनी मिल द्वारा गन्ना किसानों का भुगतान समय से नहीं किया जा रहा है। कहा कि किसानों का भुगतान नहीं होने के लिए चीनी मिल के अधिशासी अधिकारी जिम्मेदार हैं। इसलिए वर्तमान अधिशासी अधिकारी का जल्द से जल्द अन्यत्र स्थानान्तरण किया जाना चाहिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 अप्रैल को प्रदेश के गन्ना मंत्री से मुलाकात कर अधिशासी अधिकारी के स्थानान्तरण और बकाया भुगतान करने की मांग की जाएगी।
मौके पर गन्ना सोसायटी के चेयरमैन मनोज नौटियाल, मोर्चा अध्यक्ष ताजिन्दर सिंह, किसान सभा के जिला संयुक्त सचिव याक़ूब अली, किसान यूनियन जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा, बलबीर सिंह, उमेद बोरा, ज़ाहिद अंजुम, कांग्रेस नेता मोहित उनियाल, सपा नेता फुरकान अहमद कुरेशी, गौरव मल्होत्रा, कमल अरोड़ा, अनूप पाल, प्रताप सिंह, बलवंत सिंह, हरबंश सिंह, प्यारा सिंह, सरजीत सिंह, रविन्द्र सिंह, जागीर सिंह, इतवार सिंह, रविन्द्र कुमार, जगपाल आदि उपस्थित रहे।
