लोहाघाट के व्यापारियों ने प्रदर्शन किया

चम्पावत

लोहाघाट के व्यापारियों ने डांग बंगला रोड में नालियों को खुला छोड़ने पर नाराजगी जताई है। विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र नालियों को नहीं ढके जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। लोहाघाट के व्यापारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि उनकी दुकानों के पास नगर पालिका ने खुली नालियां छोड़ रखी हैं। नाली में सीवर का पानी बहता रहता है। इससे उठने वाली दुर्गन्ध से ग्राहकों और व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से वार्ता की गई। लेकिन उनकी समस्या का आज तक समाधान नहीं हो सका है। व्यापारियों ने नालियों में बड़े पाइप डालने या नालियों को ढकने की मांग की है। उन्होंने ऐसा नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में कमल राय, ताहिर हुसैन, लक्ष्मण बोहरा, सतीश मिश्रा, रतन बोहरा आदि शामिल रहे। इधर नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा का कहना है कि नाली में पाइप लगाने के टेंडर हो चुके हैं। नवरात्रि के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *