पिथौरागढ़ में सभासदों ने प्रदर्शन कर जताया आक्रोश
पिथौरागढ़
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सालों बीत जाने के बाद भी सीवर लाइन न डाले जाने से सभासदों में आक्रोश है। सभासदो का कहना है कि सीवर लाइन के अभाव में कई लोग खुले में सीवर डालने को मजबूर हैं। बावजूद इसके प्रशासन सीवर लाइन बिछाने को कोई पहल नहीं कर रहा है। शुक्रवार को वार्ड मेंबर पवन माहरा के नेतृत्व में सभासद कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सभासदों ने कहा नगर में एक दशक से अधिक समय से सीवर लाइन बिछाने की कवायद चल रही है, लेकिन अभी भी कई इलाकों में सीवर लाइन नहीं बिछी है। इससे लोगों को खासी मुश्किल उठानी पड़ रही है। इसके अलावा नगर के आंतरिक मार्ग की स्थिति भी बेहद खराब है। बच्चे, बुजुर्ग सहित अन्य लोग रास्तों की बदहाली के कारण आए दिन चोटिल हो रहे हैं। सभासदों ने बाद में डीएम को ज्ञापन भी दिया। उन्होंने सीवर लाइन बिछाने और आंतरिक मार्गो को दुरस्त करने की मांग उठाई है।
