सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक हुई

-गन्ना किसानों का बकाया भुगतान जल्द करे चीनी मिल

ऋषिकेश

डोईवाला सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक में गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में किसानों को जल्द बकाया भुगतान करने सहित अन्य प्रस्ताव पारित किए गए। मंगलवार को डोईवाला सहकारी गन्ना विकास समिति की बैठक समिति भवन में हुई। समिति के चेयरमैन मनोज नौटियाल ने बताया कि चीनी मिल द्वारा किसानों को जल्द गन्ने का बकाया भुगतान किए जाने और समिति को अविलंब विकास कमीशन दिए जाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा मृत किसान के परिजन मृतक व्यक्ति के खाते को ट्रांसफर करा लें या बंद करा दें, इस मुद्दे पर बात हुई। साथ ही तय किया गया कि प्रत्येक किसान अपनी खेती की भूमि और गन्ने के क्षेत्रफल को समिति में दर्ज कराएं। इसके अलावा सहकारी गन्ना विकास समिति की एजीएम जल्द से जल्द कराई जाए और बुल्लावाला में समिति की भूमि को चिह्नित कर यहां से अतिक्रमण हटा खाद गोदाम बनाया जाए। इस दौरान समिति की सालभर की आय-व्यय पर चर्चा की गई। मौके पर वाइस चेयरमैन अमरजीत सिंह, डायरेक्टर नवीन चौधरी, गुरदीप सिंह, गोविंद सिंह, पवन कुमार, संजय शर्मा, कमल कुमार, संतोष चौहान, जसविंदर कौर, बाबूलाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *