गोमांस ले जा रहा एक आरोपी पकड़ा, दो साथी फरार
रुड़की
शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान लक्सर पुलिस ने बाइक पर गोमांस लेकर आ रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। जबकि उसके पीछे बैठे दो साथी फरार हो गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की सूचना पर आए बहादराबाद के पशु चिकित्साधिकारी ने बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है।
रायसी चौकी प्रभारी विनय मोहन द्विवेदी पुलिसकर्मियों के साथ बहादराबाद थाने की सीमा से सटे लक्सर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्हें बाइक पर तीन लोग आते दिखे। उन्होंने बीच में प्लास्टिक का बोरा रखा था। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे रुकने के बजाय भागने लगे। टीम ने भी पीछा कर उन्हें रोका तो बाइक पर पीछे बैठे दोनों लोग फरार हो गए, जबकि बाइक चला रहे अमजद पुत्र तुफैल अहमद निवासी ग्राम बिझौली थाना मंगलौर को पुलिस ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर प्लास्टिक के बारे में करीब साठ किलो गोमांस मिला। पूछने पर अमजद ने बताया कि वे बहादराबाद थाना क्षेत्र के गांव से गोमांस खरीदकर ला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने बहादराबाद के पशु चिकित्साधिकारी विपुल जैन को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी ने बरामद गामांस का नमूना सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। बाकी गोमांस को पुलिस ने वहीं गड्ढा खोदकर दफन कर दिया और आरोपी अमजद को बाइक समेत पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तीनों लोगों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। बाकी दोनों की गिरफ्तारी के भी प्रयास किए जा रहे हैं।
