मेडिकल कॉलेजों को मिलेंगे सुपर स्टपेशलिस्ट डॉक्टर
श्रीनगर गढ़वाल
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत रामलीला मैदान श्रीनगर में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले का उदघाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। कहा पहले चरण में मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्तियां की जा रही हैं। डा. रावत ने कहा कि पूरे स्वास्थ्य विभाग को ऑनलाइन किया जा रहा है। जिला व बेस अस्पतालों को एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड एवं अन्य सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसी क्रम में हर जिले में डायलिसिस केंद्र खोले गए हैं। कहा लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके इसके लिए स्वास्थ्य मेले आयोजित कराए जा रहे हैं। श्रीनगर में बुधवार को आयोजित स्वास्थ्य मेले में 267 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवा वितरित की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने नवजात शिशु किट का भी उदघाटन किया गया। यह किट विभाग द्वारा समस्त विकासखंडो में उपलब्ध करवाई जाएगी। साथ ही उन्होंने खाद्य सुरक्षा की कटौती पुस्तिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमेश कुंवर आदि मौजूद रहे।
