समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्रदर्शन

कोटद्वार

नगर निगम में व्याप्त समस्याओं का निस्तारण न होने पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है। समस्याओं के निस्तारण को लेकर नागरिक मंच के बैनर तले क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने रैली निकाली और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। सोमवार को नागरिक मंच के बैनर तले विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता हिंदू पंचायती धर्मशाला में एकत्रित हुए। वहां से वे रैली की शक्ल में नगर निगम पहुंचे और निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम में अभी भी कई ऐसी समस्याएं हैं जिनका निस्तारण आवश्यक है। कहा कि इस संबध में संगठनों की ओर से मेयर से वार्ता करने का प्रयास किया गया। उनसे वार्ता न होने पर नगर आयुक्त से वार्ता की गई, लेकिन वार्ताओं के अनुकूल परिणाम न मिलने पर संगठनों को प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। संगठनों की ओर से सौंपे ज्ञापन में मोटर नगर बस अड्डा निर्माण शीघ्र आरंभ करने, ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए आवंटित भूमि का उपयोग करने, शहर में पार्किंग व्यवस्था करने, नगर निगम की भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने, लावारिस पशुओं को अन्यत्र शिफ्ट करने, नगर निगम क्षेत्र में महिला व पुरुष शौचालयों का निर्माण करने व वर्षाकाल से पहले नालियों की सफाई करने की मांग की गई है। रैली में प्रतिभाग करने वाले संगठनों में वरिष्ठ नागरिक संगठन, पूर्व सैनिक संगठन, अर्द्ध सैनिक सैन्य बल संगठन, व्यापार संघ, वैश्य अग्रवाल सभा, मालिनी गौरव सेनानी संगठन, ग्रामीण विकास नागरिक मंच, पुलिस पेंशनर्स संगठन, गोपाल गौलोक धाम, मुक्ति धाम सेवा समिति, बार एसोसिएशन, भारत विकास परिषद, सनेह विकास समिति और जी एम ओ यू के सदस्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *