चमोली में वनाग्नि की घटनाएं बढ़ीं

चमोली

चमोली जिले के अलग अलग वन क्षेत्रों में वनाग्नि की अब तक 70 से अधिक छोटी बड़ी घटनाएं सामने आयीं हैं। बदरीनाथ वन प्रभाग के तहत अलग-अलग स्थानों से 50 वनाग्नि की घटनाएं हो चुकी हैं। 54.5 हेक्टेयर वन क्षेत्रफल वनाग्नि से बदरीनाथ वन प्रभाग में प्रभावित हुआ है। बदरीनाथ वन प्रभाग, केदारनाथ वन्य जीव अलकनंदा वन प्रभाग और नन्दा देवी वन प्रभाग के तहत अभी तक 70 हेक्टेयर से अधिक वन क्षेत्र वनाग्नि की घटना से प्रभावित हुये हैं। किसी प्रकार की जन हानि या वन्य प्राणियों के वनाग्नि में जलने की घटनाएं रिकार्ड में नहीं आयी हैं। केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ इन्द्र सिंह नेगी ने बताया जन सहयोग से वनाग्नि की घटनाओं को रोकने और बुझाने का कार्य वन विभाग कर रहा है। कहा कि पिरूल साफ किये जा रहे हैं ताकि वनाग्नि फैले नहीं। उन्होंने बताया केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के अन्तर्गत वनाग्नि से अब तक किसी प्रकार की जन हानि या वन्य प्राणियों के जलने की सूचना नहीं मिली है। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के गोपेश्वर रेंज की रेंजर आरती मैठाणी ने बताया कांडई गांव के जंगलों में लगी आग को महिला मंगल दल और वन विभाग के संयुक्त प्रयास से बुझाने में सफलता मिली है। बदरीनाथ वन प्रभाग के डी एफ ओ सर्वेश कुमार दूबे ने बताया कि जंगलों में लगी आग को रोकने और बुझाने में वन विभाग दिन रात जुटा है। इसमें जन सहयोग भी लगातार मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *