खोखे के अंदर घुसा ट्रक, हादसा टला

विकासनगर

कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धर्मावाला चौक पर शुक्रवार सुबह एक ट्रक अचानक खोखे के अंदर घुस गया। दुर्घटना के समय खोखे में एक बच्चा मौजूद था। गनीमत रही कि हादसे में बच्च बाल बाल बच गया। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को खोखे से बाहर निकाला। जिस जगह पर हादसा हुआ, वहां पर हादसे से करीब पांच मिनट पहले छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में खड़े थे। धर्मावाला से धौलातप्पड़ स्थित विद्यालय जा रहे शिक्षक परमिंद्र सैनी समेत अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे देहरादून की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक के सामने एक स्कूटर आ गया। स्कूटर को बचाने के चक्कर में ट्रक सड़क किनारे खड़ी फल सब्जी की ठेली और एक बाइक को टक्कर मारकर चाय नाश्ते की दुकान के लिए बनाए गए एक खोखे के अंदर घुस गया। जिससे खोखा पूरी तरह ध्वस्त हो गया। खोखा घास फूस और प्लास्टिक के तिरपाल से बनाया गया था। खोखा गिर गया लेकिन उसमें मौजूद बच्चा बाल बाल बच गया। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सकुशल बाहर निकाला। बताया कि हादसे से पांच मिनट पहले वहां पर पचास के करीब छात्र-छात्राएं स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे। गनीमत रही कि स्कूल बस सही समय पर आ गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। उधर, धर्मावाला चौकी इंचार्ज विकेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में किसी को भी कोई चोट नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *