नमाज के बाद देश प्रदेश में अमनो अमान और भाईचारे की मांगी दुआ

रुड़की

ईद उल फितर का त्योहार खुशियों के साथ मनाया गया। नमाज अदा कर मुल्क में अमन, शांति और भाईचारे के लिए दुआ की गई। पिरान कलियर और आसपास क्षेत्र की अलग-अलग मस्जिदों और ईदगाहों में लोगों ने ईद की नमाज अदा की। साथ ही एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान कई छोटे बच्चे भी नजर आए। बच्चों ने एक दूसरे को गले लगाकर भाईचारे का संदेश दिया और ईद की बधाई दी। अकीदमंदों ने पूरी शिद्दत और जोश खरोश से कलियर साबरी जामा मस्जिद व मरकज वाली मस्जिद व आसपास की अन्य मस्जिदों ईद उल फितर की नमाज अदा की।
दरगाह साबिर पाक की साबरी जामा मस्जिद में हाफिज सऊद साबरी और नई बस्ती मरकज वाली मस्जिद में मौलवी आकिल, मुकरर्बपुर बड़ी मस्जिद में कारी दिलशाद ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश प्रदेश में अमनो अमान और भाईचारे की दुआ की गई। दुआ के बाद लोगों ने एक दूसरे गले मिलकर मिठाई खिलाकर ईद उल फितर की मुबारकबाद दी। हाफिज सऊद साबरी, कारी दिलशाद, मौलाना परवश ने कहा हैं कि ईद भाईचारे का पैगाम लेकर आती है सभी को इखलास के साथ ईद मनानी चाहिए।
दरगाह साबिर पाक के सज्जादानशीन शाह अली ऐजाज साबरी ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। सभी देशवासियों को भाईचारे और अमन शांति के साथ रहने की अपील की। ईद के मौके पर पुलिस प्रशासन की और से सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। कलियर एसओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि क्षेत्र में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *