परशुराम जयंती मनायी
हरिद्वार
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष पंडित आशुतोष तुम्बडिया ने कहा है कि भगवान परशुराम विप्र समाज के आदर्श हैं और प्रत्येक ब्राह्मण ही नहीं बल्कि संपूर्ण सनातन धर्म प्रेमियों को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। वे अपर रोड स्थित तुम्बडिया हाउस में परशुराम जयंती के उपलक्ष में आयोजित समारोह को अध्यक्षीय पद से संबोधित कर रहे थे। भगवान परशुराम के श्रीविग्रह पर माल्यार्पण कर समस्त विप्रजनों के साथ सामूहिक पूजन एवं आरती करते हुए उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रेरणा ही सनातन धर्म और संस्कृति की पहचान है, जिसका अनुसरण संपूर्ण विश्व कर रहा है। जिस देश का धर्म और संस्कृति सबल एवं अनुकरणीय होती है। वही सर्वोत्तम की श्रेणी में आता है। अमर आत्रेय एवं ललित जोशी ने भगवान परशुराम के जीवन आदर्शों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। जयंती समारोह को राकेश शर्मा, दुर्गा दत्त भट्ट, पुनीत तुम्बडिया, मुकेश, सुभाष, सुशील तथा महेश तुम्बडिया ने भी संबोधित किया। अंत में आयोजक मंडल की ओर से सत्तू का प्रसाद वितरित कर सनातन संस्कृति को प्राचीन पद्धति से अलंकृत किया गया।
