कबाड़ गोदाम पर छापा 45 वाहनों के पार्ट्स बरामद
रुड़की
चोरी के वाहन काटकर बेचने की सूचना पर खानपुर पुलिस ने कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान गोदाम संचालक भाग गया। जबकि पुलिस ने गोदाम से 45 वाहनों के कटे हुए पार्ट्स और दस्तावेज बरामद किए हैं। गोदाम स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बहादराबाद में बड़े वाहन चोर गिरोह के पकड़े जाने के बाद एसएसपी ने सभी थानों को कबाड़ियों के गोदाम चेक करने के निर्देश दिए थे। निर्देश पर खानपुर एसओ रविंद्र कुमार के साथ एसआई नवीन चौहान, मनीषा नेगी और सिपाही अजीत तोमर, अरविंद रावत की टीम ने खानपुर में कबाड़ी के गोदाम पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर गोदाम स्वामी भाग गया, जबकि, उसका भाई वहीं था। पुलिस ने तलाशी ली, तो गोदाम से बड़ी संख्या में बाइक, कार व दूसरे वाहनों के कटे हुए पार्ट्स मिले। साथ ही कुछ वाहनों की आरसी व अन्य दस्तावेज भी गोदाम में रखे थे। पुलिस के मुताबिक गोदाम से कुल 45 वाहनों के पार्ट्स व दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इन्हें कब्जे में लेकर गोदाम सील कर दिया गया है। गोदाम स्वामी शमशाद अहमद पुत्र सईद अहमद निवासी मौहल्ला झोझियान थाना पुरकाजी मुजफ्फरनगर के खिलाफ खानपुर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

