जमात ए इस्लामी हिंद ने ईद मिलन समारोह मनाया
रुड़की
जमात-ए-इस्लामी हिंद रुड़की की ओर से माहीग्रान बंदा रोड स्थित एक पैलेस में ईद मिलन समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस नेता हाजी सलीम खान ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमात ए इस्लामी हिंद नई दिल्ली मरकज के सचिव डॉ. रजीउल इस्लाम नदवी रहे। कार्यक्रम को संबोधित कर डॉ. रियाजउल इस्लाम नदवी ने कहा कि ईद आपसी भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। उन्होंने कहा कि यह देश सभी धर्म व वर्गों का देश है। सभी धर्मों के लोग अपने त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हैं। कहा कि किसी भी मुल्क, समाज व कौम की तरक्की के लिए लोगों में आपसी प्रेम व सद्भाव जरूरी है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदेश किसान कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता ने कहा कि कुछ लोग जाति व धर्म के नाम पर समाज को बांटना चाहते हैं। कोई भी धर्म किसी दूसरे धर्म की बुराई करने को नहीं कहता है। देश में ईद, होली, दीपावली जैसे त्योहार आपसी सौहार्द और मोहब्बत का पैगाम लेकर आते हैं। विशिष्ट अतिथि कर्नल एमपी शर्मा ने भी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से एकता की भावना को जागरूक करने और हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई आपस में है भाई-भाई के नारे को मजबूती देने की बात कही। इस अवसर पर मो. मुबशशीर, डॉ. ताहिर नाजिम, मो. सुलेमान, मौलाना अरशद, मुख्तार अहमद, मौलाना खालिद, मनोज जयंत, देवेंद्र चौधरी और आशीष सैनी आदि मौजूद रहे।
