ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत

रुड़की

शादी समारोह में भाग लेने के लिए एक ही बाइक पर सवार होकर निकले एक ही परिवार के तीन युवक गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लाठरदेवा हूण निवासी एक ही परिवार के तीन युवक सोमवार शाम एक बाइक पर सवार होकर लंढौरा क्षेत्र में शादी समारोह में भाग लेने के लिए घर से निकले थे। मंगलौर बस स्टैंड से लंढौरा मार्ग की ओर जाने पर सामने से आ रहे गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। दुर्घटना में सूरज (18) पुत्र बृजपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा अनिकेत (22) पुत्र धर्मेंद्र को गंभीर अवस्था में हायर सेंटर रेफर किया गया है। उसके भाई विकेश (20) पुत्र धर्मेंद्र को सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। ट्रक का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *