लखनऊ में रहने के बाद भी सपा विधायक दल की बैठक में नदारद रहेंगे शिवपाल यादव
लखनऊ
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के मुखिया और सपा के विधायक शिवपाल सिंह यादव के बीच खुन्नस जारी है इस बात का खुलासा रविवार को हुआ जब समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल की बैठक में उनके नदारद रहने की सूचना मिली। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर दोपहर 12 बजे बैठक बुलाई है। यह बैठक ऐसे वक्त में हो रही है जब सोमवार से राज्य का विधानसभा सत्र शुरू होने वाला है। हालांकि शिवपाल सिंह यादव लखनऊ के अपने पार्टी कार्यालय में मौजूद है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने विधानमंडल दल की बैठक की संशोधित सूचना सभी विधायकों को भेज दी है। बैठक में विधान सभा सदस्यों के साथ ही विधान परिषद सदस्यों को भी बुलाया गया है। इस बैठक में सपा विधानमंडल दल के नेता अखिलेश यादव अपने विधायकों के साथ सोमवार से शुरू हो रहे विधानमंडल सत्र को लेकर रणनीति बनाएंगे। सपा कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, बिजली व किसानों सहित कई मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को सदन में घेरेगी। बता दें कि शिवपाल सिंह यादव भी मार्च में सपा की बैठक में नहीं गए थे। उन्होंने दावा किया था कि सपा की मीटिंग में सभी विधायकों के बुलाया गया लेकिन उन्हें कोई न्योता नहीं मिला। बाद में सपा ने इस सवाल पर कहा था कि वह सहयोगी दल के नेता हैं और उनकी बैठक अलग से होगी। इससे पहले सपा नेता ने कहा था कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है।
करीब 27 माह बाद सीतापुर जेल से रिहा होकर शुक्रवार को रामपुर पहुंचे सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने स्पष्ट कहा था कि उनकी तबाहियों में उनके अपनों का बड़ा योगदान है। रामपुर में आजम ने कहा था, ‘मेरी तबाहियों में मेरा अपना हाथ है, मेरे अपने लोगों का बड़ा योगदान है। मालिक से दुआ है कि उन्हें सदबुद्धि आये।श् इतना ही नहीं आजम खान ने पिछले दिनों जेल में प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव और कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम से मुलाकात की लेकिन सपा के वरिष्ठ विधायक रविदास मेहरोत्रा के नेतृत्व में गये प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात नहीं की थी।
