एलबम शूटिंग के बहाने साथ ले जाकर हरियाणवी गायिका दिव्या इंदौरा की हत्या, रोहतक में मिला दफनाया हुआ शव

नई दिल्ली ,

शूटिंग के नाम पर रोहतक ले जाकर हरियाणवी गायिका की हत्या करने और शव को दफनाने का मामला समाने आया है। मृतका संगीता उर्फ दिव्या इंदौरा 11 मई से लापता थीं। परिजनों ने 14 मई ने दिल्ली के जाफरपुर कलां थाने में शिकायत दी थी। सूत्रों की माने तो पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिव्या इंदौरा परिवार के साथ जाफरपुर कलां इलाके में रहती थीं और हरियाणवी गायिका थीं। परिजनों ने थाने में दी शिकायत में बताया कि वह 11 मई को अपने एक एलबम की शूटिंग के लिए भिवानी जाने वाली थी। रोहित और उसका दोस्त दिव्या को साथ लेकर गए थे। कई दिनों तक जब दिव्या के बारे में कोई सूचना नहीं मिली और उसका फोन लगातार बंद जा रहा था तो 14 मई को उनके परिजनों ने जाफरपुर कलां थाने में अपहरण की शिकायत दी।
पुलिस ने जांच शुरू की तो दिव्या का फोन शनिवार को ऑन हुआ। फोन की लोकेशन के बाद पुलिस ने रोहित को हिरासत में ले लिया। उसने पूछताछ में दिव्या की हत्या की बात कबूल कर ली। रोहित से मिली सूचना के बाद दिल्ली पुलिस ने हरियाणा की महम पुलिस को सूचना दी।
महम पुलिस ने शनिवार को गांव भैरो भैणी के नजदीक फ्लाईओवर के पास एक क्षत-विक्षत शव बरामद किया। पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए पीजीआई भेज दिया है।
ब्लैकमेल कर रही थी
दिल्ली के जाफरपुर कलां थाना पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि रोहित दिव्या का दोस्त था। उसने बताया है कि दिव्या उसे ब्लैकमेल कर रही थी। जिसके चलते उसने दोस्त के साथ मिलकर दिव्या की हत्या कर दी।
महम पुलिस के एसआई विकास ने कहा कि संगीता 11 मई से लापता थी। दिल्ली पुलिस ने आरोपी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो 5 दिन के रिमांड पर है। पोस्टमॉर्टम के बाद मामला दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर किया जाएगा। प्रथमदृष्टया मौत का कारण गला घोंटना प्रतीत हो रहा है। इस मामले में गिरफ्तार महम के दो आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने संगीता की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने उसे म्यूजिक वीडियो बनाने के बहाने बुलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *