शराब ठेके के सेल्समैन को पीटा, लूट का आरोप

रुड़की

हथियार बंद तीन युवक देर रात गोवर्धनपुर स्थित शराब ठेके में घुस आए और वहां मौजूद सेल्समैन के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि बदमाश दिन में शराब की बिक्री से आई बीस हजार की रकम भी लूटकर ले गए। पुलिस मामले को लूट के बजाए मारपीट का बताकर जांच कर रही है।
गोवर्धनपुर में खानपुर थाने की रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनी हुई है। चौकी से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर देशी शराब का ठेका है। बीती रात ठेके का सेल्समैन नरेश कुमार दुकान के भीतर सोया हुआ था। इसी दौरान हथियारों के साथ तीन अज्ञात युवक ठेके के भीतर घुस आए और सेल्समैन नरेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। ठेके में दिन के समय शराब की बिक्री से आई करीब बीस हजार रुपये की रकम भी रखी हुई थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवकों ने ठेके से रकम भी छीन ली और फिर फरार हो गए। उनके जाने के तुरंत बाद सेल्समैन ने चौकी की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन चौहान तुरंत पुलिसकर्मियों को साथ लेकर मौके पर पहुंच गए और जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आरोपी युवकों की तलाश भी की, लेकिन उनका पता नहीं लग पाया। सेल्समैन ने घटना की तहरीर भी चौकी की पुलिस को दे दी है। चौकी प्रभारी एसआई चौहान का कहना है कि मामला सिर्फ मारपीट का है। रकम लूटने की बात गलत है। मारपीट करने वाले युवकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *