सरकारी अस्पतालों से जनता का उठा भरोसा: विधायक
चित्रकूट
समाजवादी पार्टी के सदर विधायक अनिल प्रधान ने कहा कि विधानसभा प्रक्रिया एवं कार्य संचालन की नियमावली के तहत जिला अस्पताल समेत सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लचर स्वास्थ्य सेवाओं व स्वास्थ्य व्यवस्था धडाम होने की बाबत विधानसभा में सवाल उठाया है।
गुरुवार को सदर विधायक अनिल प्रधान ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य, सडक़, पानी, बिजली समेत कई जनहित के मुद्दे विधानसभा में रखे गये हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है। प्रसव को लाई गई प्रसूताओं को एवं हादसे में घायलों को रेफर कर दिया जाता है। सीएमओ के भ्रष्टाचार के बढावा देने व स्टाफ की लापरवाही से प्रसूता व बच्चों की मृत्यु होती है। हाल के दिनों में प्रभारी मंत्री ने मृत महिला को फल बंटवा दिये थे। सीएमओ को फोन हमेशा एक कर्मचारी उठाते हैं। जिला अस्पताल में हड्डी आपरेशन की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रसव के आपरेशन भी बहुत कम संख्या में होते हैं। मरीजों को सभी दवायें नहीं मिल रही हैं। सीएमओ ट्रांसफर पोस्टिंग में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। सीएमओ की अगुवाई में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। आये दिन इलाज के अभाव में लोगों की मृत्यु हो रही है।
सदर विधायक अनिल प्रधान ने कहा कि स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर जिला अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केन्द्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कई मदों के फर्जी बाउचर लगाकर भुगतान कराया जा रहा है। एम्बुलेंस सेवा 102 और 108 समय पर पीडि़तों को नहीं मिल रही है। सीएमओ के संरक्षण में एम्बुलेंस सेवा में फर्जी नाम-पता एवं मोबाइल नम्बर बताकर व फर्जी घटना दिखाकर फर्जी केस किये जा रहे हैं। जनता व मरीजों का सरकारी अस्पतालों से भरोसा उठ गया है।
