गंदगी पर पालिका ने चीनी मिल को थमाया नोटिस

रुड़की

लक्सर चीनी मिल की डिस्टिलरी व कंपोस्ट प्लांट के केमिकल मिले दूषित पानी से प्रदूषण फैलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश लक्सर नगरपालिका को दिए हैं। पालिका ने मिल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। लक्सर के युवक ने सीएम पोर्टल पर इसकी शिकायत की थी। लक्सर नगर के वार्ड नौ आजाद नगर निवासी प्रवीण कुमार लक्सर चीनी मिल की डिस्टिलरी और कंपोस्ट प्लांट से निकलने वाले दूषित पानी को लेकर शासन प्रशासन से कई बार शिकायत कर चुके हैं। उनका आरोप है कि मिल प्रबंधन इस दूषित पानी को नगर से होकर बहने वाले जलनिकासी नालों में डाल रहा है। इससे नगर व आसपास के देहात क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इससे पैदा हो रहे मक्खी-मच्छर भी बीमारियां फैला रहे हैं। शिकायत पर कहीं से कोई कार्रवाई न होने पर प्रवीण ने इसी हफ्ते मुख्यमंत्री के शिकायत पोर्टल पर इसकी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पोर्टल की शिकायत निराकरण सेल ने इसे लक्सर नगरपालिका को भेजकर प्रकरण की जांच करने के बाद कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। सीधे सीएम हाईकमान से आदेश आने के बाद पालिका प्रशासन ने शुक्रवार 28 मई को चीनी मिल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया है। ईओे सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मिल प्रबंधन को दिए गए नोटिस में उनसे तीन दिन के भीतर शिकायत पर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। बताया कि मिल प्रबंधन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *