सड़क दुर्घटना में साले की मौत जीजा घायल

रुड़की

देर रात टायर कंपनी में ड्यूटी कर लौट रहे जीजा साले की बाइक को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल 22 साल के साले की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि जीजा की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। खानपुर के भारुवाला गांव निवासी सचिन शर्मा पुत्र कमलेश शर्मा लक्सर की एक टायर कंपनी में कर्मचारी है। सचिन का साला धर्मपाल (22) पुत्र तोताराम निवासी ग्राम सरसवाड़ थाना नरेंद्र नगर इसी कंपनी में काम करता था। वह लक्सर में किराये के कमरे में रहता था। शुक्रवार रात नौ बजे ड्यूटी पूरी होने पर सचिन अपने साले धर्मपाल को बाइक पर बिठाकर नगर में उसके कमरे तक छोड़ने जा रहा था। पुरकाजी हरिद्वार हाईवे पर शेखपुरी गांव के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक और चालक को कब्जे में लेने के साथ ही घायलों को लक्सर के एक अस्पताल में भिजवाया। अस्पताल में सचिन को भर्ती कर लिया गया, जबकि धर्मपाल को गंभीर बताकर हरिद्वार रेफर कर दिया गया। परिजन धर्मपाल को लेकर हरिद्वार पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर पहुंची लक्सर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा रही है। बताया गया है कि मृतक धर्मपाल माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी सात बहनें हैं। करीब दस महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घायल सचिन का अभी इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष से घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *