यासीन मलिक को सजा के बाद पत्थरबाजी करने वाले 10 लोग गिरफ्तार

जम्मू

जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता और आतंकवादी यासीन मलिक को सजा मिलने के बाद कुछ युवाओं ने श्रीनगर में पत्थरबाजी की थी। इनमें से 10 को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कल तक पत्थर फेंक रहे ये लोग अब थाने में कान पकड़कर अपनी हरकतों के लिए माफी मांग रहे हैं। श्रीनगर पुलिस ने बताया कि देश विरोधी नारेबाजी और यासीन मलिक के घर के बाहर पत्थराबाजी के आरोप में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि मलिक को दिल्ली में सजा सुनाए जाने के बाद उसके इलाके माइसुमा में हिंसक प्रदर्शन हुआ था। हालांकि अन्य इलाकों में हालात शांतिपूर्ण बने रहे।
पुलिस ने कहा कि अभी कुछ लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। श्रीनगर पुलिस ने कहा, श्अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। आईपीसी की धाराओं और यूएपीए के तहत केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा इस हिंसा को भड़काने वाले प्रमुख आरोपियों के खिलाफ जन सुरक्षा कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।श् यासीन मलिक को सजा के ऐलान के तुरंत बाद श्रीनगर में स्थित उनके घर के बाहर पत्थरबाजी हुई थी। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई कर उपद्रवी तत्वों को खदेड़ दिया था।
यासीन मलिक की पत्नी ने भी सजा पर सवाल उठाते हुए अपने पति को बहादुर शख्स करार दिया था और पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना हिटलर से की थी। गौरतलब है कि हिंसा भड़कने के बाद प्रशासन ने कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया था और सख्ती बढ़ा दी थी। यासीन मलिक की सजा पर पाकिस्तान भी बौखलाया हुआ है। पाक के पीएम शहबाज शरीफ ने यासीन की सजा को लोकतंत्र के लिए काला दिन बताया था। इसके अलावा क्रिकेटर शाहीद आफरीदी समेत पाकिस्तान की कई और हस्तियों ने आतंकी यासीन मलिक की सजा पर रोना रोया है। यही नहीं शाहिद आफरीदी ने तो इस मुद्दे को यूएन में भी ले जाने की अपील की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *