स्वामित्व योजना के सर्वे कार्य की प्रगति की समीक्षा की

रुड़की

चुनावी भागदौड़ निपटने के बाद प्रशासन ने स्वामित्व योजना पर दोबारा से काम शुरू कर दिया है। चुनाव के दौरान दो महीने से योजना का काम ठप था। शनिवार को तहसीलदार मुकेश चंद रमोला ने लेखपालों की बैठक लेकर योजना के तीसरे चरण में अभी तक किए गए सर्वे की समीक्षा की। उन्होंने मार्च के अंतिम सप्ताह तक सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए। देहात में अधिकांश लोग जिस जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं, सरकारी दस्तावेजों में वह उनके नाम पर दर्ज नहीं है। पिछले साल केंद्र सरकार ने ऐसे लोगों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना शुरू की थी। योजना के तहत गांवों में ड्रोन से सर्वे कर मकान की भूमि राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज की जा रही है। लक्सर में कुल 128 गांवों में सर्वे होना था। योजना के पहले दो चरणों में 72 गांवों में सर्वे पूरा करके ग्रामीणों को उनके रहने की जमीन का मालिकाना हक दिया जा चुका है। बाकी के 56 गांवों में तीसरे चरण का सर्वे चल रहा है। दो महीने से कर्मचारी चुनाव में लगे होने के कारण सर्वे बंद था। चुनाव ड्यूटी समाप्त होने के बाद शुक्रवार को तहसीलदार मुकेशचंद रमोला ने लेखपालों की बैठक लेकर तीसरे चरण के सर्वे में अभी तक की प्रगति की जानकारी ली। लेखपालों ने बताया कि योजना पर काम चल रहा है। इसमें सर्वे ऑफ इंडिया के भी कर्मचारी होते हैं। उनके पास कर्मचारियों के कम होने की वजह से सर्वे की गति धीमी चल रही है। तहसीलदार रमोला ने किसी भी तरह मार्च के अंतिम सप्ताह तक सर्वे पूरा करने की हिदायत दी। बैठक में विकास रस्तोगी, पंकज राजपूत, अंजू सिंह, अतुल देव, सुलेमान और कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *