किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया
विकासनगर
पछुवादून के किसान जैविक खेती का पाठ पढ़कर भूमि की सेहत को सुधारने में लगे हुए हैं। इसके लिए किसान एकता समिति विकासनगर और नेचर बायो फूड्स लिमिटेड ने विशेष पहल की है। किसान एकता समिति की ओर से किसानों को लगातार जैविक खेती के गुर सिखाए जा रहे हैं।
बुधवार को भी ढकरानी में किसानों को जैविक खेती का प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें धान की पौध को जैविक विधि से तैयार करने पर जोर दिया गया। बताया गया कि अधिक उत्पादन लेने की चाह में किसान मनमानी तरीके से रासायनिक खादों का उपयोग करने लगे, जिसका मानव और कृषि भूमि दोनों पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। किसान एकता समिति के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश बहुगुणा ने बताया कि रासायनिक खादों के प्रयोग से मिट्टी का पोषक तत्व घटने के साथ ही पैदावार भी बढ़ने के बजाय कम होने लगी। ऐसे में किसानों को जागरूक करने के लिए पछुवादून के प्रगतिशील किसानों ने जैविक खेती शुरू की है। विशेषज्ञ किसान अन्य किसानों को भी जैविक खेती के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। इसके साथ ही पंतनगर विश्वविद्यालय सहयोग से 40 किसानों का चयन मत्स्य पालन के लिए किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से बीज समेत अन्य तकनीक मुहैया कराई जाएगी, जिससे किसान कृषि के साथ ही सहायक व्यवसाय भी शुरू कर सके। नेचर बायो फूड्स के प्रशिक्षक विजय भट्ट ने बताया कि पछुवादून में देहरादूनी बासमती, तरावड़ी बासमती और पीबी-1637 बासमती के उत्पादन से किसानों को अधिक लाभ मिलेगा। इस दौरान ग्राम प्रधान जाहिरा खातून, आनंद कुमार, सुभान अली, मदन सैनी, शीशपाल सैनी, सुभाष शर्मा, पारितोष बिष्ट, जगमाल, नरेंद्र शर्मा, सरदार चरण सिंह आदि मौजूद रहे।
