पजिटिलानी के ग्रामीणों ने सीएम को सौंपा समस्याओं का पुलिंदा

विकासनगर

मुख्यमंत्री के पजिटिलानी पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने मांग पत्र सौंप कर जल्द सभी समस्याओं के निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि अभी भी कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। गांवों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सुविधाएं नहीं हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है। मांग पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि पजिटिलानी में आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय खोला जाना जरूरी है, जिससे ग्रामीण अंचल के बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिल सके। सिंचाई सुविधा मुहैया कराने के लिए इच्छाड़ी खड्ड से नगाया थात मुनाई डांडा तक सिंचाई लिफ्ट योजना और टोंस से दिलऊ डांडा, घेरटी डांडा तक सिंचाई लिफ्ट योजना शुरू की जानी चाहिए। ताकि खराया, घराना, सुरेऊ, मंडोली, भंजरा, देऊ, कोठा-तारली, पजिटिलानी, दिलेऊ, सैंज, खोई, सुपोऊ, किसोऊ, चंदोऊ, टिफ, मलऊ, चिबोऊ आदि गांवों के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही हाईस्कूल कांडोईधार के उच्चीकरण, साहिया क्वानू मोटर मार्ग से कोटी बैंड, चकराता रोड तक छह किमी लंबे मोटर मार्ग निर्माण, कोठा बैंड से तारली तक मोटर मार्ग निर्माण, सुरेऊ से नगाया डांडा तक छह किमी लंबे मोटर मार्ग निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *