सरकारी तंत्र की लापरवाही से परेशान ग्रामीणों ने खुद शुरू किया मार्ग निर्माण कार्य

विकासनगर

तहसील क्षेत्र अंतर्गत बाड़वाला पंचायत की राजावाला-बीस बीघा बस्ती के बाशिंदों ने खुद ही करीब एक किमी लंबे मार्ग निर्माण का बीड़ा उठाया है। स्थानीय बाशिंदों का कहना है पक्का मार्ग नहीं होने से हर बरसात में मार्ग पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे कई दुर्घटनाएं होती हैं। सरकारी तंत्र की लापरवाही से आजिज आकर अब ग्रामीणों ने बरसात से पूर्व मार्ग निर्माण कार्य पूरा करने की ठानी है। इसके ग्रामीणों ने चंदा कर श्रमदान से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
बाड़वाला पंचायत की राजावाला-बीस बीघा बस्ती में करीब पचास परिवार निवास करते हैं। मुख्य मार्ग से इस बस्ती को जाने वाला एक किमी लंबा मार्ग बस्ती की बसागत से ही कच्चा पड़ा हुआ है। इस क्षेत्र में लाल मिट्टी होने के कारण बरसात में पूरे मार्ग पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे राहगीरों के साथ ही वाहन भी फिसलने लगते हैं। स्थानीय निवासी गोपाल ठाकुर, शरद कुमार, वलबीर चौहान, शंकर सिंह थापा, अर्जुन सिंह थापा, जनक सिंह, सीता सिंह, सरोज, अमृता, सावित्री, आशा देवी आदि ने बताया कि हर साल बरसात में मार्ग चलने के लिए पूरी तरह बंद हो जाता है। जिससे बरसात के तीन माह आवागमन में परेशानी होती है। बस्ती के बच्चों को स्कूल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। बस्ती में किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल ले जाने में भी परेशानी होती है। करीब एक दशक से स्थानीय जन प्रतनिधियों से मार्ग निर्माण की गुहार लगाई जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों की समस्या की ओर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते उन्होंने खुद चंदा कर निर्माण सामग्री एकत्र की और अब निर्माण कार्य श्रमदान से शुरू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *