अब एआरटीओ में तीर्थयात्रियों को नहीं होगी परेशानी

ऋषिकेश

चारधाम यात्रा के दौरान बाहरी प्रदेशों से ग्रीन कार्ड आदि कार्यों के लिए एआरटीओ आने वाले तीर्थयात्रियों को अब परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। एआरटीओ परिसर में तीर्थयात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए वातानुकुलित यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण किया है। 15 अगस्त को नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षालय का उद्घाटन किया जाएगा। हरिद्वार बाईपास मार्ग पर स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) में चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को यात्रा पर ले जाने से पहले देशभर से वाहन ग्रीन कार्ड बनवाने के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, वाहन चालक तीर्थयात्रियों को चारधाम यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में फोटो पंजीकरण के लिए छोड़कर एआरटीओ आते हैं। कई बार छोटे वाहनों में सवार तीर्थयात्री भी एआरटीओ पहुंच जाते हैं। ऐसे में एआरटीओ परिसर में रुकने की उपयुक्त सुविधा नहीं होने से तीर्थयात्रियों को ग्रीन कार्ड जारी होने तक खुले में रहने को मजबूर होना पड़ता है। चारधाम यात्रा गर्मी में शुरू होती है, ऐसे में तीर्थयात्रियों को चिलचिलाती धूप का सामना करना पड़ता है। कई बार अचानक बारिश होने से भी दिक्कत होती है। एआरटीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि नवनिर्मित यात्री प्रतीक्षालय में लगभग 60 तीर्थयात्रियों के बैठने की क्षमता है। आरामदायक सोफों की व्यवस्था भी है। उमसभरी गर्मी से राहत के लिए तीन एयरकंडीशन लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *