मीटर रीडिंग में लापरवाही, तीन की सेवाएं खत्म की
भोपाल
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं को मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने के आरोप में सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से कंपनी कार्यक्षेत्र में कार्यरत तीन मीटर वाचकों को ड्यूटी से हटाने के साथ ही 51 मीटर वाचकों को कार्य में लापरवाही बरतने के चलते चेतावनी जारी की गई है। कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत संचारण संधारण वृत्त दतिया, हरदा, ग्वालियर, नर्मदापुरम एवं रायसेन में तीन, राजगढ़ एवं मुरैना में 12, सीहोर एवं शहर वृत्त भोपाल में छह, विदिशा, श्योपुर एवं गुना में पाँच, भिण्ड में आठ, शहर वृत्त ग्वालियर में नौ एवं बैतूल में 11 मीटर को फोटो मीटर रीडिंग में लापरवाही बरतने और गलत मीटर रीडिंग लेने पर मीटर रीडरों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी गणेश शंकर मिश्रा ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं के परिसर पर एक्यूरेसी के साथ मीटर वाचन होना चाहिए और मीटर रीडिंग के आधार पर ही उपभोक्ताओं को विद्युत देयक दिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मीटर वाचकों के कार्य पर निष्ठा ऐप के द्वारा निगरानी रखी जाए और जो लापरवाही बरत रहे हैं, उन्हें सेवा से पृथक किया जाए।

