आसन नदी में युवक का शव बरामद

विकासनगर

शिवालिक कालेज सिंघनी वाला के पास आसन नदी के बीच टापू में एक युवक का शव बरामद हुआ है। सहसपुर थाना पुलिस ने शव को टापू से निकालकर शिनाख्त के लिए रखा है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए विकासनगर उपजिला चिकित्सालय की डॉक्टरगंज स्थित मोर्च्यूरी में रख दिया है। शुक्रवार तड़के सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सभावाला चौकी पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने टापू से शव को बाहर निकाला। कुछ घंटों के लिए पुलिस ने शव को मौके पर शिनाख्त के लिए रखकर आसपास के लोगों को बुलाया। लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पायी। जिसके बाद शव को पुलिस ने डॉक्टरगंज स्थित मोर्च्यूरी में 72 घंटे तक शिनाख्त के लिए रखा है। चौकी प्रभारी सभावाला जयवीर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 34 वर्ष है। जिसकी लंबाई करीब पांच फीट चार इंच है। बताया कि शव एक दिन पुराना लग रहा है। बताया कि मृतक नदी में बहकर आया या कोई अनहोनी हुई है, इसकी जांच की जा रही है। कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *