राहुल गांधी छोड़ेंगे जिद, लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव? करीबी ने कहा- मनाने की कोशिश जारी, देखते हैं।।।
नई दिल्ली
कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर होने वाले आगामी चुनाव में राहुल गांधी की उम्मीदवारी को लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है। लेकिन पार्टी के कई नेताओं को विश्वास है कि राहुल गांधी अक्टूबर में होने वाला यह चुनाव लड़ेंगे। इन नेताओं ने इस बात की संभावना जताई है कि राहुल गांधी उनके अनुरोध को जरूर स्वीकार करेंगे। राहुल गांधी विदेश यात्रा से भारत लौट चुके हैं और पार्टी नेता उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए मनाने की कोशिश कर सकते हैं।
2019 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था और यह कहा गया था कि गांधी परिवार से कोई भी पार्टी का नेतृत्व नहीं करेगा। एक और जहां पार्टी में इस बात को लेकर चर्चा है कि राहुल गांधी अध्यक्ष पद नहीं संभालेंगे। वहीं उनके एक करीबी सूत्र ने इसे पूरी तरह से खारिज करने से इनकार कर दिया है। “उन्हें मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं क्योंकि पार्टी के लिए यही एकमात्र अच्छा समाधान है। उनकी सहमति से इंकार नहीं किया जा सकता है, लेकिन बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि रविवार को महंगाई के खिलाफ दिल्ली की रैली और फिर भारत जोड़ी यात्रा कैसी होती है। इससे पहले राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, जो अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार के अलावा एक विकल्प हैं, मल्लिकार्जुन खड़गे और सलमान खुर्शीद जैसे वरिष्ठ नेताओं ने कहा है कि राहुल को मनाने की कोशिश आखिरी वक्त तक जारी रहेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष के चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है।कांग्रेस वर्किंग कमिटी द्वारा जारी किए गए नोटिफिकेशन के अनुसार, 22 सितंबर को चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होगी और 17 अक्टूबर को चुनाव होगा। अगर मतदान कराने की नौबत आई तो 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
