कोरोना से राहत, देश में एक्टिव केसों की संख्या 50 हजार से नीचे

नई दिल्ली

भारत में कोरोना मरीजों की संख्या में कमी आने लगी है। ‎फिलहाल देश में एक्टिव केसों की संख्या 50 हजार से नीचे आ गई है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 6093 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,44,84,729 हो गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 49,636 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना से 31 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,28,121 पर पहुंच गई है। मौत के इन आंकड़ों में वे 13 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम कोरोना से मौत के आंकड़ों का फिर से मिलान करते हुए केरल ने महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों यानी एक्टिव केसों की संख्या घटकर 49,636 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.11 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 706 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.70 प्रतिशत हो गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार प्र‎ति‎दिन कोरोना संक्रमण दर 1.96 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.88 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 4,39,06,972 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 214.55 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि देश में 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और 5 सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। कोरोना संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 18 लोगों की जान गई, उनमें से महाराष्ट्र के छह और दिल्ली तथा कर्नाटक के तीन-तीन मरीज थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *