उत्तरकाशी की सात सड़कें बंद

उत्तरकाशी

उत्तरकाशी जिले में बारिश के कारण सड़कों के बंद होने का सिलसिला जारी है। जिले में बीती शुक्रवार रात भारी बारिश के कारण 11 ग्रामीण मोटरमार्ग यातायात के लिए ठप हो गए। हालांकि शनिवार दोपहर बाद कुछ सड़कें खुलने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सात मोटरमार्ग अभी भी आवाजाही के लिए बंद हैं। उधर, गंगोत्री व यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर यातायात निर्बाध रूप से जारी है। रात्रि में हुई बारिश के कारण शनिवार को सुबह जिले में एक दर्जन सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई थी। बारिश के कारण थाती-धारकोट मुसड़गांव मोटरमार्ग, नौगांव स्योरी, गमदिड़ गांव-देवल, आराकोट भुटाणु, भुक्की कुंज्जन, नाकुरी सिंगोट व धरासू-जिब्या तराकोट मोटरमार्ग यातायात के लिए ठप पड़े हैं। इनमें जिब्या तराकोट व नौगांव-स्योरी मोटरमार्ग तीन-चार दिनों से ठप पड़े हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि विभागों ने शनिवार तक इन मार्गों को खोलने का दावा किया है, लेकिन जिले में रिमझिम बारिश के बीच सड़कें खोलने में दिक्कतें आने से इन मार्गों के देर शाम तक आवाजाही के लिए खुलने की संभावना नजर नहीं आ रही। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि सड़कों को खोलने के लिए विभागीय मशीनरी मौके पर मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *