पिथौरागढ होटल एसोसिएशन ने अंकिता हत्याकांड पर जताया आक्रोश
पिथौरागढ़
होटल एसोसिएशन ने अंकिता हत्याकांड पर आक्रोश जताया है। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए सरकार से मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिले। शुक्रवार को नगर में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान भट्ट ने कहा उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से जाना जाता है। लेकिन अंकिता के हत्याकांड ने देवभूमि को शर्मशार किया है। ऐसी घृणित मानसिकता वाले लोगों को सख्त से सख्त सजा देनी होगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई को मामला सौंपने को कहा है। बाद में होटल कारोबारियों ने दो मिनट कर मौन रखकर अंकिता को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा कि इस घटना से होटल व्यवसाय बदनाम हुआ है। उन्होंने सभी होटलों के संचालकों से होटल स्टाफ और ठहरने आने वाले लोगों का अनिवार्य तौर पर सत्यापन करने को कहा है। साथ ही उन्होंने पुलिस की ओर से हो रही चालान की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कोरोना के कारण पहले ही कारोबार चौपट है। सड़क बंद, दैवीय आपदाओं ने कारोबार को और कम कर दिया है। इससे कारोबारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में सत्यापन के नाम पर दस-दस हजार के चालान काटकर व्यापारियों की कमर तोड़ी जा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर इसी तरह होटल कारोबारियों का उत्पीड़न हुआ तो वे अपने-अपने होटल बंद कर देंगे।

