अब बाजार में नो पार्किंग जोन में वाहनों की अनावश्यक पार्किंग नहीं होगी

विकासनगर

हाईवे स्थित विकासनगर बाजार में यातायात व्यवस्था को सुधारने और जगह-जगह लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए विकासनगर पुलिस ने पूर्व की भांति फिर से ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। हालांकि पुलिस की ओर से पूर्व चलाए गए ये सारे अभियान कुछ ही दिन में धराशायी होते रहे हैं। ऐसे में नया ट्रैफिक प्लान कितने दिन तक चलता, यह भी आने वाला समय बताएगा। बहरहाल पुलिस ने नये प्लान के तहत बाजार में सामान से भरे बड़े ट्रकों की दिन में आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पहाड़ी क्षेत्र से आने वाले वाहन भी टोकन सिस्टम से ही बाजार में प्रवेश करेंगे। हाईवे किनारे स्थित नो पार्किंग जोन में वाहनों की पार्किंग पर भी रोक लगा दी है।
कोतवाली पुलिस ने विकासनगर बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसे रविवार से लागू कर दिया है। नये प्लान के तहत जौनसार बावर से लेकर यमुना घाटी, हिमाचल व बिन्हार क्षेत्र से आने वाले यूटिलिटी वाहनों को डाकपत्थर तिराहे पर रोक कर टोकन सिस्टम से कैनाल रोड होते हुए गीताभवन रोड से प्रवेश करने व निश्चित समय सीमा के भीतर बाजार में सामान की लोडिंग व अनलोडिंग करने के बाद तत्काल बाजार से बाहर निकलने की व्यवस्था लागू की है। इसके अलावा नो पार्किंग जोने में टोकन वाले वाहनों के अलावा अन्य वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। छोटे-बड़े व्यापारियों की दुकान पर भारी ट्रकों से आने और जाने वाले ट्रकों पर दिन में बाजार में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ये बड़े वाहन रात के समय लोडिंग-अनलोडिंग करेंगे। ठेली, फड़ वाले चलते फिरते रहेंगे। एक जगह पर दुकान नहीं सजा सकेंगे। ई-रिक्शों पर भी हाईवे स्थित बाजार में आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। ये वाहन अब बाजार से बाहर चिन्हित स्थानों पर रुकेंगे और वहीं से आवाजाही करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *