स्कूल में पिटाई से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत
रुड़की
रहमानिया इंटर कॉलेज में छात्र की पिटाई से घायल बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मंगलवार देररात उसकी मौत हो गई। यह खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने विद्यालय परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने विद्यालय के अन्य बच्चों के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। रहमानिया इंटर कॉलेज में कक्षा तीन में पढ़ने वाले छात्र अली के परिजनों का कहना है कि उसके साथ 10 दिसंबर को मारपीट की गई थी। आरोप है कि स्कूल के प्रबंधक ने बेरहमी से बच्चे की पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। अली के साथ उसका छोटा भाई भी इसी विद्यालय में पढ़ता है। अली के साथ पढ़ने वाले बच्चे किसी तरह उसे घर तक लेकर आए।

