किरात राई संस्था ने धूमधाम से मनाया उधौली चाड़
देहरादून
किरात राई संस्था ने उधौली चाड़ (उत्सव) धूमधाम से मनाया। सत्य नारायण मंदिर मोहब्बेवाला के प्रागंण में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर(सेनि.) एसएन राई ने उधौली की हार्दिक बधाई देते हुए किरात राई संस्था के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लुप्त परम्परा, रिवाज, भाषा पहनावा, उत्सव को बचाने में गोरखा समुदाय में किरात राई संस्था की अहम भूमिका रही है। विशिष्ट अतिथि शिक्षाविद सुशील कुमार राई ने सभी को उधौली की बधाई दी। इससे पहले सांस्कृतिक प्रस्तुति में सोनाली राई ने अपनी एलबम फरिया चोली के गीत की प्रस्तुति दी। अध्यक्ष सीके राईने बताया कि जब खरीफ की फसल पक जाती है तो फसल को खेत से लाकर घर में भंडार कर रखते हैं और भगवान से प्रार्थना की जाती है कि अनाज को किसी प्रकार की क्षति(कीड़े मकौड़े, आगजनी)न हो। अपने ईष्ट देव पारुहांग सुम्मिमा(शिव पार्वती)की पूजा अर्चना कर नए फसल का प्रसाद बनाकर भोग चढ़ाते हैं।

