स्थापना दिवस पर हुआ फल वितरण
बागेश्वर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के स्थापना दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी ने कार्यक्रम आयोजित करते हुए कांग्रेस को पुनः सत्ता में पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय में फल वितरित किए। बैठक में उत्तरायणी मेले के राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। राज्य स्थापना दिवस पर पार्टी जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला चिकित्सालय में फल वितरित किए। इसके बाद पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस को देश के विकास की प्रमुख पार्टी बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को नई दिशा दी है। पूर्व विधायक और राहुल गांधी द्वारा आयोजित नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो यात्रा से वापस लौटे पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण का माल्यार्पण करके स्वागत किया। इस दौरान फर्स्वाण ने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिला। उन्होंने संगठन मजबूती पर बल दिया। बैठक में 14 जनवरी को उत्तरायणी मेले में कार्यक्रम के तहत बैठक करने का निर्णय लिया। बैठक में गोपाल दत्त भट्ट, बबलू नेगी, गोविंद कठायत, ललित बिष्ट,राजेंद्र सिंह परिहार, सुरेश गढ़िया, कुंदन गिरी आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

