लाइटर नहीं दिया तो मेडिकल स्टोर कर्मी को पिस्टल दिखायी

हल्द्वानी। लाइटर नहीं देने पर शहर के एक कपड़ा व्यापारी पर मेडिकल स्टोर कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। हल्द्वानी पुलिस के अनुसार 5 दिसंबर की रात करीब 10:40 पर शहर का एक कपड़ा व्यापारी सेंट्रल मेडिकल स्टोर पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने मेडिकल स्टोर कर्मचारियों से लाइटर मांगा। आरोप है कि लाइटर देने से मना करने पर व्यापारी ने दुकान के काउंटर पर पिस्टल रख मेडिकल स्टोर कर्मचारियों को धमकाया। ये पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हो गया। मेडिकल स्टोर संचालक रविंद्र कुमार शर्मा ने अपने कर्मचारी के साथ हुई अभद्रता पर गुरुवार शाम को मामले में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी की कार से उसका पता ढूंढ कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई विजय मेहता ने बताया कि शनिवार सुबह आरोपी लोहरियासाल तल्ला निवासी यशवंत सिंह को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि यशवंत की पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
पैसे नहीं थे इसलिए दे रहा था पिस्टल:  कोतवाली में पत्रकारों ने जब यशवंत से पूछा की उसने पिस्टल निकाल कर काउंटर पर क्यों रखी। यशवंत ने बताया कि उसके पास लाइटर के लिए पैसे नहीं थे उसने मेडिकल स्टोर वालों से कहा कि उसकी पिस्टल रख लें, लेकिन सिगरेट जलाने के लिए लाइटर दे दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *